विषय : नया भारत गढ़ो – स्वास्थ्य, बुद्धि एवं अच्छे भाव से होगा राष्ट्र निर्माण

रांची, 27 नवंबर 2026। रामकृष्ण मिशन आश्रम, दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र, मोराबादी, रांची द्वारा झारखंड सरकार के खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय के सहयोग से दिनांक 27 नवंबर 2026 को रांची जिले के बेड़ो प्रखंड अंतर्गत घाघरा टिकराटोली गांव में प्रखंड स्तरीय युवा सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में लगभग 350 युवाओं एवं ग्रामीण प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात आश्रम के योग शिक्षक श्री प्रीतम बनिक ने योगाभ्यास करवाया तथा युवाओं को स्वास्थ्य के लिए योग एवं नियमित दिनचर्या के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

आश्रम द्वारा संचालित अखंडानंद शिक्षा एवं संस्कार केंद्र, लमकामना की छात्रा मनीषा कुमारी ने स्वदेश मंत्र का पाठ किया तथा सुमन कुजूर ने स्वामी विवेकानंद की पुस्तक से प्रेरणादायक वाणी का पाठ किया। स्वागत भाषण श्री जॉन टोप्पो ने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी भवेशानंद जी ने सामूहिक ध्यान अभ्यास करवाया तथा सम्मेलन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने “नया भारत गढ़ो” विषय पर युवाओं को संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानंद के जीवन, आदर्शों एवं प्रेरणादायक विचारों की चर्चा की। स्वामीजी की प्रसिद्ध उक्ति “बनो और बनाओ” का उल्लेख करते हुए उन्होंने युवाओं से राष्ट्र के पुनरुत्थान एवं निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने व्यक्तित्व विकास एवं राष्ट्र निर्माण के लिए 3H – Health (स्वास्थ्य), Head (बुद्धि) एवं Heart (अच्छे भाव) के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, विवेकपूर्ण बुद्धि एवं संवेदनशील हृदय के समन्वय से ही सशक्त व्यक्तित्व और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं को “भारत जागो, विश्व जगाओ” का प्रेरणादायक संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में घाघरा पंचायत के मुखिया श्री रमेश मुंडा उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त श्री कृष्णा गोप, श्री राजीव रंजन धान, श्रीमती अणिमा बासु एवं श्री कृष्णा उरांव ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा युवाओं को समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

आश्रम से पधारे स्वामी भक्तिशानन्द जी ने राष्ट्र की उन्नति के लिए चरित्र निर्माण को अनिवार्य बताया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों के माध्यम से युवाओं को प्रेरित करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पंचशील सिद्धांतों की व्याख्या की। ये सिद्धांत हैं—

स्वस्थ शरीर एवं स्वस्थ मन।

ज्ञान एवं कौशल।

सकारात्मक मनोवृत्ति।

संघबद्ध होकर कार्य करना।

सेवा एवं दान।

उन्होंने कहा कि इन पांच सिद्धांतों को जीवन में अपनाकर युवा अपने व्यक्तित्व का विकास करने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकते हैं।

आश्रम के ब्रह्मचारी राजीव चैतन्य ने आत्मनिर्भरता एवं स्वावलंबन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए रामकृष्ण मिशन आश्रम द्वारा संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी।

इस अवसर पर सामाजिक सेवा के अंतर्गत गांव के जरूरतमंद बुजुर्गों के बीच 20 कंबल, 5 धोती एवं 25 साड़ियों का वितरण किया गया। सारदा महिला समिति, मोराबादी, रांची की श्रीमती रीना ठाकुर ने समापन गीत प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में युवाओं एवं ग्रामीणों के साथ गांव की प्रमुख समस्याओं तथा उनके संभावित समाधानों पर सामूहिक चर्चा की गई। इस चर्चा के माध्यम से युवाओं को ग्राम विकास एवं सामाजिक परिवर्तन में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। अंत में श्री मंगराज टोप्पो ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

इस युवा सम्मेलन को सफल बनाने में बेड़ो प्रखंड के विभिन्न विवेकानंद सेवा संघों के कार्यकर्ताओं, सारदा महिला समिति की सदस्यों, रामकृष्ण मिशन विवेकानंद शैक्षिक एवं अनुसंधान संस्थान (RKMVERI) के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों तथा आश्रम के कर्मचारियों एवं सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वामी विवेकानंद के आदर्शों, चरित्र निर्माण, आत्मनिर्भरता, स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक सेवा एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को जागृत करना था। कार्यक्रम ने युवाओं को एक सकारात्मक दिशा प्रदान करते हुए समाज एवं देश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का प्रेरणादायक संदेश दिया।