राष्ट्रीय युवा दिवस के पावन अवसर पर आज रामकृष्ण मिशन आश्रम, मोराबादी, राँची में गरिमामय एवं प्रेरणास्पद समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड के महामहिम राज्यपाल महोदय ने झारखंड के युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें स्वामी विवेकानंद के विचारों एवं जीवन-मूल्यों को अपने आचरण में उतारने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन तथा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन आश्रम के सचिव स्वामी भवेशानंद जी महाराज ने प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान युग युवाओं का युग है और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में युवाशक्ति को संगठित एवं सशक्त करना समय की अनिवार्य आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने भारत को विश्व की तीसरी आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताया।

अपने मुख्य संबोधन में राज्यपाल महोदय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के सिद्धांत—आत्मविश्वास, राष्ट्रभक्ति, सेवा और चरित्र निर्माण—आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने भारत को विश्व मंच पर गौरवपूर्ण पहचान दिलाने में स्वामी विवेकानंद जी के अमूल्य योगदान की विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर महामहिम राज्यपाल ने झारखंड के उत्कृष्ट प्रतियोगियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. जगन्नाथन चेखालिंगम, कुलपति, सरला बिरला विश्वविद्यालय तथा डॉ. निशांत गोयल, प्रोफेसर एवं सीईओ, राँची ने अपने विचार व्यक्त किए और विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।

स्वामी अंतरानंद जी महाराज ने सभी उपस्थितजनों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए सम्माननीय अतिथियों का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम के दौरान सुरेश नारायण झा, स्टेट चीफ कोऑर्डिनेटर, ने अपने परिचयात्मक संबोधन में रिबिल्ड इंडिया अभियान की उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी।

समग्र रूप से यह कार्यक्रम अत्यंत सफल, अनुकरणीय एवं युवाओं में राष्ट्र निर्माण की चेतना जागृत करने वाला सिद्ध हुआ।

इस अवसर पर स्वामी सुखमयानंद जी, एवं अन्य संन्यासीवृंद उपस्थित थे।