किसान दिवस एवं ‘विकसित भारत – रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण)’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
आज दिनांक 23 दिसंबर 2025 को किसान दिवस के अवसर पर ‘विकसित भारत – रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण)’ कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र, मोराबादी, रांची में आयोजित किया गया।
माननीय मंत्री ने किसानों की भूमिका को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि “अन्न ही ब्रह्म है और अन्नदाता किसान ब्रह्मा, विष्णु एवं महेश के स्वरूप हैं।” उन्होंने किसानों के त्याग, परिश्रम और समर्पण को नमन करते हुए कहा कि आईसीएआर, कृषि विश्वविद्यालयों एवं कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिकों के सहयोग से भारत आज अनाज, फल, सब्जी एवं दुग्ध उत्पादन में आत्मनिर्भर बना है।
उन्होंने जानकारी दी कि गत वर्ष मनरेगा के अंतर्गत लगभग 88,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे, जबकि इस वर्ष ‘विकसित भारत – रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण)’ के लिए 1,51,282 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही उन्होंने बताया कि पहले इस कार्यक्रम के अंतर्गत 100 दिनों की रोजगार गारंटी थी, जिसे बढ़ाकर अब 125 दिनों की रोजगार गारंटी कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने इंटरक्रॉपिंग, लघु एवं सीमांत किसानों की उन्नत खेती पद्धतियों तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर माननीय केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि हमारे किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के वास्तविक देवतुल्य स्वरूप हैं, जो प्राकृतिक आपदाओं एवं निरंतर चुनौतियों के बावजूद देश का पोषण कर रहे हैं।
इस कार्यक्रम में रांची जिले के कुल 236 किसानों ने भाग लिया। आज के कार्यक्रम के प्रोग्राम इंचार्ज डॉ. मनोज कुमार सिंह थे। इस अवसर पर केवीके के वैज्ञानिक डॉ. राजेश कुमार, डॉ. मनोज कुमार सिंह, डॉ. भरत महतो, डॉ. नेहा राजन, डॉ. विशाखा सिंह, कार्यक्रम सहायक श्री ओम प्रकाश शर्मा, श्री प्रफुल्ल सीओ, श्री अनूप पाल, श्री बेनी महतो, श्री राम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान केवीके वैज्ञानिकों द्वारा चार प्रगतिशील किसानों — श्री अनूप उराव, श्री बिरसा उराव, श्रीमती सुबमा उराव एवं सुचिता कुमारी — को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र, मोराबादी, रांची में माननीय केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम का टेलीकास्ट सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।